मुंबई: शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अपनी टीम को गोवा में छोड़कर आज दोपहर प्राइवेट जेट से अकेले मुंबई आ सकते हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। उनके यहां ताज होटल में रुकने की संभावना है, जहां शाम को देवेंद्र फडणवीस की शिंदे से मुलाकात होगी। इस मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा होगी. सरकार में मंत्रियों की संख्या कितनी होगी, कौन-कौन मंत्री बनेगा, किसे कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलेगा, किसे राज्य मंत्री बनाया जाएगा, इन सब विषयों पर दोनों नेताओं के बीच चर्चा होगी।
इस बैठक में ही महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की तारीख पर मुहर लगेगी. संभावना है कि 1 जुलाई को शिंदे गुट और भाजपा मिलकर नई सरकार का गठन कर लें. शपथ ग्रहण वाले दिन ही गोवा में रुके बागी विधायक मुंबई आ सकते हैं. सूत्रों की मानें तो देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली नई सरकार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत कुल 38 मंत्री हो सकते हैं। इनमें 29 कैबिनेट मंत्री और 9 राज्य मंत्री होंगे. भाजपा से 20 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्री, जबकि शिंदे गुट से 9 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्री शपथ ले सकते हैं।
पूववर्ती महा विकास अघाड़ी सरकार में शिवसेना कोटे से मंत्री रहे सभी बागी विधायकों के नई सरकार में मंत्री बनने की संभावना है। हालांकि, एकनाथ शिंदे ने ट्वीट करके इन खबरों को अफवाह करार दिया है. उन्होंने लिखा, ‘नई सरकार में कौन और कितने मंत्री पद होंगे, इसे लेकर बीजेपी से अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है, यह जल्द ही हो जाएगा। तब तक, कृपया मंत्रिस्तरीय सूचियों और इसके बारे में अफवाहों पर विश्वास न करें.’ इस बात की भी चर्चा है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती महा विकास अघाड़ी सरकार में शिवसेना कोटे से मंत्री रहने वाले बागी विधायकों को नई सरकार में भी मंत्री बनाया जा सकता है।
इससे पहले एकनाथ शिंदे ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘आदरणीय हिंदू हृदय सम्राट शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व के विचार, धर्मवीर आनंद दिघे साहब की शिक्षाओं को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र के समग्र विकास और विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों पर हमारा ध्यान है.’ आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा बुधवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के फ्लोर टेस्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार करने के बाद उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. इस तरह महा विकास अघाड़ी सरकार के शासन का अंत हो गया।
.jpg)