मुंबई के गोरेगांव की आरे कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए के हमले की घटनाओं में इजाफा हुआ है। इस दौरान हुई एक और घटना में आरे मिल्क कॉलोनी के आदर्श नगर की रहने वाली सरिता गौरव गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं। तेंदुए ने आरे डेयरी के करीब नवजीवन नगर बस स्टॉप के पास महिला पर हमला किया।
मिली जानकारी के मुताबिक एक चश्मदीद ने बताया, शाम के करीब 7-7.15 बजे सरिता जंगल के समीप स्थित सड़क पर से जा रही थीं, तभी एक तेंदुए ने उन पर हमला किया। इस दौरान लोग शोर-शराबा करने लगे, तो तेंदुआ भाग खड़ा हुआ।
हमले के तुरंत बाद महिला को पास के एक क्लीनिक में ले जाया गया। इसके बाद आरे मिल्क कॉलोनी कैमरा ट्रैपिंग टीम के स्वयंसेवक और वन विभाग की सहायता कर रहे एनजीओ डब्ल्यूडब्ल्यूए के सदस्य संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और ठाणे वन विभाग क्षेत्रीय टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए लगा पिंजरा
प्राथमिक उपचार के बाद महिला को आगे इलाज के लिए बीएमसी द्वारा संचालित बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए उस रात इलाके में एक पिंजरा भी लगाया गया और कई और कैमरे भी लगाए गए।
तेंदुए के हमले की कई और भी खौफनाक घटनाएं
छह नवंबर को रात के करीब आठ बजे वन क्षेत्र के करीब यूनिट 15 के पास खेतीबाड़ी करने वाले 61 साल के राम यादव पर भी तेंदुए ने हमला किया था। उस दौरान वह टेलीफोन पर बात कर रहे थे। इसमें वह घायल हो गए थे। बीते महीने आरे मिल्क कॉलोनी में तेंदुए ने 16 महीने की इतिका लोट को अपना शिकार बनाया था।बीते महीने आरे मिल्क कॉलोनी में तेंदुए ने 16 महीने की इतिका लोट को अपना शिकार बनाया था। इससे पहले, चार साल का एक बच्चा भी तेंदुए के हमले में घायल हो गया था।
