
मुंबई: मुंबई की लाइफ लाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा एक बार फिर से प्रभावित हुई है. इस बार पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई है. अंधेरी और जोगेश्वरी स्टेशन के बीच सिग्नल फेल होने की वजह से पश्चिम रेलवे की सेवाएं प्रभावित हुई हैं और इस कारण कुछ ट्रेनें रास्ते में फंस गई हैं. फिलहाल, सिग्नल को फिर से रिस्टोर करने की कोशिशें जारी हैं. रेलवे की इस दिक्कत की वजह से कामकाजी लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं.
बताया जा रहा है कि अप और डाउन दोनों दिशाओं में सिग्नल फेल हुआ है, जिसकी वजह से ट्रेनों के परिचालन बाधित है. बता दें कि एक-दिन पहले भी सिग्नल फेल होने की वजह से पश्चिमी रेलवे की लोकल सेवा प्रभावित हुई थी और ट्रेनें 10 से 20 मिनट की देरी से चलने लगी थीं. ट्रेनों के लेट होने की वजह से कामकाजी लोगों और दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था और स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ गई थी.
इससे पहले मुंबई और उसके उपनगरों की जीवन-रेखा मानी जाने वाली मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं में 27 अक्टूबर को तकनीकी खराबी के कारण देरी हुई थी. हालांकि, बाद में समस्या को ठीक कर दिया गया था. मध्य रेलवे ने ट्वीट कर बताया था कि ठाणे जिले में अंबरनाथ और बदलापुर के बीच डाउन लाइन पर एस-3 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-करजत लोकल ट्रेन सेवा में तकनीकी समस्या थी. तकनीकी समस्या से अंबरनाथ-करजत खंड पर लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई थी.
मध्य रेलवे पर रोजाना औसतन 40 लाख यात्री यात्रा करते हैं. यह मेन लाइन (सीएसएमटी से कसारा/खोपोली), हार्बर लाइन (सीएसएमटी से गोरेगांव/पनवेल), ट्रांस-हार्बर लाइन (वाशी-ठाणे/पनवेल) और बामडोंगरी-बेलापुर/सीवुड लाइन पर प्रतिदिन 1,800 से अधिक उपनगरीय ट्रेन का संचालन करता है.