मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से डरा देने वाली खबर सामने आ रही है. मुंबई के गोवंडी इलाके में खसरा फैल गया है. खसरे के बढ़ते प्रकोप से लोगों में दहशत का माहौल है. बीमारी से 48 घंटों में गोवंडी के रफी नगर में तीन बच्चों की मौत हो गई है. संक्रामक बीमारी के फैलने की पुष्टि खुद बीएमसी ने की है. इसके बाद बीएमसी ने पूरे इलाके में वैक्सीनेशन शुरू कर दिया है. बीमारी से जिन बच्चों की मौत हुई है वह तीनों एक ही परिवार के थे. इनकी उम्र 2 साल, 4 साल और 6 साल थी.
एक रिपोर्ट के अनुसार नाम न जाहिर करने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा कि 14 अक्टूबर को रफी नगर में खसरे के एक संदिग्ध मामले का पता चला था और अब तक वहां छह मामलों की पुष्टि हो चुकी है. मंगलवार को बीएमसी ने 914 घरों का सर्वे किया और 4,086 लोगों की स्क्रीनिंग की, जिनमें से 13 संदिग्धों को बुखार और रैशेज होने की पहचान हो गई है. घटना के बाद, हमने सभी स्थानीय चिकित्सकों और निजी अस्पतालों को खसरे के मामलों की रिपोर्ट अपने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को देने के लिए पत्र लिखा है.
अधिकारी ने कहा कि ऐसी संभावना है कि कई मामले दर्ज नहीं किए गए हैं जैसा कि तीन बच्चों के मामले में हुआ था, जिन्होंने अपनी जान गंवाई. वहीं मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने कहा कि बच्चे स्थानीय क्लिनिक में गए थे लेकिन डॉक्टर बीमारी की पहचान करने और हमें इसकी रिपोर्ट करने में सक्षम नहीं थे. नहीं तो हम परिवार तक पहुंच गए होते.
कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंगला गोमारे ने कहा कि न केवल एम ईस्ट वार्ड में बल्कि कुछ अन्य वार्ड में भी यह फैला है. हम मामलों पर नजर रख रहे हैं और वार्ड अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है. पिछले महीने धारावी में भी खसरा का प्रकोप सामने आया था. यहां भी कुछ मामले सामने आए थे. धारावी के अलावा शहर भर में लगभग 12 से 15 जगहों पर इसके फैलने का डर है.
