मुंबई: महाराष्ट्र में फ़िलहाल टाटा-एयरबस सी-295 परिवहन विमान परियोजना (Tata-Airbus Project) को लेकर चर्चा हो रही है। राज्य में आने वाला 22000 करोड़ रुपये का बड़ा प्रोजेक्ट गुजरात (Gujarat) चला गया है। इस प्रोजेक्ट के जाने के बाद विपक्ष ने शिंदे-फडणवीस सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया। इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने बयान दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को इस बारे में सोचना चाहिए। मुंबई में मीडिया से बात करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि, भले ही यह प्रोजेक्ट गुजरात चला गया, लेकिन महाराष्ट्र देश में सबसे आगे है।
आज राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने बांद्रा के एमआईजी क्लब में मनसे पदाधिकारियों को संबोधित किया। मनसे की बैठक के बाद राज ठाकरे ने मीडिया प्रतिनिधियों को अपनी प्रतिक्रिया दी। इस मौके पर राज ठाकरे ने कहा कि, पार्टी आगामी नगर निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में कड़ी मेहनत कर रही है।
यह भी कहा गया कि भविष्य में विभिन्न स्तरों पर पार्टी की बैठकें होंगी। इस दौरान राज ठाकरे से पूछा गया कि, महाराष्ट्र में आने वाले कई प्रोजेक्ट गुजरात जा रहे है, इस वजह से सरकार की आलोचना हो रही है। इस सवाल के जवाब में राज ठाकरे ने कहा कि, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है।’
राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने आगे कहा, “मेरे पहले के भाषणों को देखें, तो मेरी पहली राय यही है कि प्रधानमंत्री देश का होना चाहिए। उन्हें हर राज्य को अपनाना होगा। महाराष्ट्र का यह प्रोजेक्ट असम में गया होता तो इतना बुरा नहीं लगता। लेकिन, राज्य में जो प्रोजेक्ट आ रहा है वह गुजरात जा रहा है। प्रधानमंत्री को इस तरफ ध्यान देना चाहिए।”
ठाकरे (Raj Thackeray) ने आगे कहा कि, “हर राज्य को बड़ा बनना चाहिए। हर राज्य में उद्योग आने चाहिए। वहां के लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे राज्यों पर बोझ बनने की कोई जरूरत नहीं है। अगर ऐसे प्रोजेक्ट राज्यों में गए तो, देश का ही विकास होगा। आज भी महाराष्ट्र राज्य उद्योगों के मामले में किसी भी अन्य राज्य से आगे है। यहां तक कि महाराष्ट्र ही उद्योगपति की पहली पसंद है।
.jpg)