इंडिगो ने प्रयागराज से कई शहरों के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइटों का किराया बढ़ा दिया है। प्रयागराज से मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू, पुणे समेत अन्य शहरों के किराए में वृद्धि की गई है। प्रयागराज से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को पहले करीब 2500 रुपए खर्च करना पड़ता था लेकिन अब करीब 3500 रुपए खर्च करना होगा। यानी 1000 रुपये सीधे तौर पर बढ़ा दिया गया है।
वहीं प्रयागराज से मुंबई के लिए न्यूनतम किराया 3 हजार से बढ़ाकर लगभग 5 हजार कर दिया गया है, 2 हजार रुपये किराया बढ़ाया गया है। प्रयागराज से बंगलूरू का न्यूनतम किराया 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 6608 रुपए कर दिया गया है।
लखनऊ के लिए अब 2168 रुपए किराया
प्रयागराज से लखनऊ की दूरी करीब 200 किलोमीटर है। लखनऊ जाने के लिए हवाई यात्रियों को अब तक 1872 रुपये देना पड़ता था। अब इसमें 300 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब न्यूनतम किराया 2168 रुपये देना होगा। बता दें कि प्रयागराज से लखनऊ के लिए हवाई सेवा 27 मार्च 2022 से शुरू हुआ है।
फेरे कम होने से यात्रियों को हो रहे परेशानी
दरअसल, DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) ने मार्च 2022 में समर शेड्यूल लागू किया था। उस समय प्रयागराज से पुणे एवं बिलासपुर को छोड़कर मुंबई, दिल्ली, रायपुर, भोपाल, गोरखपुर, इंदौर, लखनऊ, भुवनेश्वर, पुणे के लिए प्रतिदिन हवाई सेवा दर्शाई गई थी। लेकिन अब ऐसा नहीं है। इससे हवाई यात्रियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब इंडिगो मुंबई के लिए पांच दिन, पुणे के लिए तीन दिन, बंगलूरू को तीन, भाेपाल के लिए चार दिन फ्लाइट चला रहा है।
