औरंगाबाद पंचायत समिति के ऑफिस में सोमवार को कांग्रेस और भाजपा पदाधिकारियों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अर्जुन शेल्के पर कुर्सी से हमला किया है। इस हमले में शेल्के को चोटें भी आईं हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले अर्जुन शेल्के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद 4 दिन पहले हुए चुनाव में उन्हें डिप्टी स्पीकर चुना गया। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता इसी बात से उनसे नाराज थे।
चर्चा है कि पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने कांग्रेस के कई वोट अपने पक्ष में कर लिए थे, जिस वजह से कांग्रेस यह चुनाव हार गई। चुनाव के बाद कांग्रेस के अनुराग शिंदे को 9 वोट मिले जबकि हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए अर्जुन शेल्के को 10 वोट मिले।
इस हमले के बाद शेल्के ने आरोप लगाया है कि सोमवार को अचानक एक दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ता उनके ऑफिस में घुसे और उनपर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय भाजपा विधायक हरिभाऊ बागड़े शेल्के से मिलने के लिए उनके ऑफिस पहुंचे। शेल्के ने इस हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कुछ लोग उनपर हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। अर्जुन का कहना है कि हमलावर कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। इस हमले में ऑफिस में रखे सामान और खिड़कियों को भी नुकसान हुआ है।
औरंगाबाद पंचायत समिति की तस्वीर
औरंगाबाद पंचायत समिति के कुल 20 सदस्यों में से 8 कांग्रेस के, 7 बीजेपी के, 3 शिवसेना के और 2 निर्दलीय हैं। पंचायत समिति पर कांग्रेस पिछले कई सालों से शासन कर रही है। गठबंधन के दौरान 2015 में शिवसेना ने कांग्रेस से हाथ मिलाया और सत्ता में आई और डिप्टी स्पीकर का पद हासिल किया। कुछ दिन पहले औरंगाबाद पंचायत समिति के उपाध्यक्ष का पद शिवसेना उपाध्यक्ष मालती पादुल के इस्तीफे के बाद खाली हो गया था। इसके बाद चुनाव हुए और शेल्के को जीत हासिल हुई।