Mumbai Vikhroli News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai News) से एक दिलदहला देने वाला वाकिया सामने आया है। जहां पति की अचानक मौत होने के बाद पत्नी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। महज चार घंटे में दो लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है की दिल का दौरा पड़ने से महिला के पति की असामयिक मौत हो गई। इससे पत्नी के मन को गहरा धक्का लगा। वह अपने पति के जाने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाई। पति से जुदा होने के चार घंटे के भीतर ही सदमे से उसकी भी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला मुंबई के विक्रोली इलाके (Vikhroli) का है। जहां 45 वर्षीय बिणू कोशी अपनी पत्नी प्रमिला (43 वर्ष) व बच्चों के साथ रहते थे। सुबह बिणू को अचानक सीने में तेज दर्द होने लगा, जिसके चलते उन्हें विक्रोली के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन दुर्भाग्य से उनकी जान नहीं बची और सुबह 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
बिणू के निधन के समय प्रमिला भी अस्पताल में थी। जैसे ही उन्होंने पति की मौत की खबर सुनी चीख-चीखकर रोने लगी। बाद में किसी तरह परिजन प्रमिला को लेकर घर पहुंचे। पति की मौत से प्रमिला सदमे में ही थी और घर पर बेहोश हो गई। दंपत्ति के पड़ोसियों ने बताया कि प्रमिला कड़ी समय तक बेसुध रही और उसकी तबियत खराब होती जा रही थी।
जिसके बाद प्रमिला को भी अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वह अपने पति की मौत के गम से उबर नहीं पाई। अंत में दोपहर में प्रमिला को भी तगड़ा दिल का दौरा पड़ा। इसके साथ ही प्रमिला की जीवन यात्रा भी दोपहर करीब 2 बजे समाप्त हुई। कोशी दंपति के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा 21 साल का है, जबकि छोटा 18 साल का। पुलिस ने कहा कि दोनों की मौत स्वाभाविक थी और इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं था। इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
