उत्तर प्रदेश का मैनपुरी उपचुनाव चर्चा का विषय बना हुआ है. मैनपुरी सीट पर समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है. डिंपल यादव सोमवार को नामांकन करने जा रही हैं. इससे पहले डिंपल यादव की संपत्ति को लेकर एक रोचक जानकारी सामने आई है.भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के आधार पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की चल-अचल संपत्ति 2009 में करीब दो करोड़ थी. वहीं 2012 में डिंपल यादव की चल-अचल संपत्ति में करीब सात करोड़ की बढ़ोतरी हुई. जिसके बाद उनकी चल अचल संपत्ति बढ़कर 9.03 करोड़ हो गई. इसके बाद सपा सरकार के शासन काल में डिंपल यादव की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई.
योगी शासन काल में भी बढ़ी संपत्ति
महज दो साल बाद यानी 2014 तक डिंपल यादव की चल-अचल संपत्ति बढ़कर 28.05 करोड़ हो गई. हालांकि डिंपल यादव की संपत्ति में वृद्धि केवल सपा शासन काल के दौरान ही नहीं हुई. इसके बाद योगी शासन काल में भी डिंपल यादव की चल-अचल संपत्ति में उसी तरह बढ़ोतरी होती रही. 2019 में डिंपल यादव की संपत्ति बढ़कर करीब 37.78 करोड़ हो गई. बता दें कि डिंपल यादव ने पहली बार 2009 में फिरोजाबाद से लोकसभा का उपचुनाव लड़ा था. लेकिन वे इस उप चुनाव में हार गई थीं. इसके बाद उन्होंने कन्नौज से 2012 में फिर उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. कन्नौज से ही 2014 के मोदी लहर में भी डिंपल यादव ने जीत दर्ज की थी. हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.अब डिंपल यादव एक बार फिर से मैनपुरी उपचुनाव में सपा के ओर से प्रत्याशी बनाई गई हैं. मैनपुरी में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद चुनाव हो रहा है. उनका निधन बीते 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के अस्पतला में हुआ था.
