मुंबई: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आदित्य ठाकरे के गौमूत्र से शुद्धिकरण की मांग की है। बीएसएस और भाजपा के नेताओं नें कहा है कि आदित्य ठाकरे नांदेड़ में 11 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी से गले मिल कर आएं है, जो वीर सावरकर की आलोचना करते रहे हैं। इसलिए उन पर गौमूत्र का छिड़काव या उनका गौमूत्र स्नान किया जाना चाहिए।
आदित्य ठाकरे के गौमूत्र से शुद्धिकरण की मांग
बालासाहेब शिवसेना के राज्य मंत्री दीपक केसरकर, प्रवक्ता शीतल म्हात्रे और भाजपा के केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे और अन्य पूर्व मंत्रियों ने कहा कि यह बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा की हार है। वहीं केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने तीखे ढंग से पूछा कि क्या आदित्य ठाकरे को इस बात का एहसास नहीं है कि वह उन लोगों के साथ जा रहे हैं जो वीर सावरकर को गाली दे रहे हैं। उन्होंने इस बात का दावा किया कि आदित्य ठाकरे को बालासाहेब ठाकरे का आशीर्वाद नहीं मिलेगा। केसरकर और म्हात्रे ने भी आदित्य ठाकरे के शुद्धिकरण की मांग की क्योंकि वह राहुल गांधी के साथ मिल कर आए थे। इन सब के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार देर रात दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की 10वीं पुण्यतिथि पर स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बालासाहेब की स्मराक का गौमूत्र से छिड़काव
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के स्मारक से जाने के तुरंत बाद यूबीटी के कुछ नेताओं ने स्मराक का गौमूत्र से छिड़काव किया, जिससे बीएसएस नेता नाराज हो गए। यूबीटी के नेता अरविन्द सावंत ने गौमूत्र छिड़काव को सही बताते हुए कहा कि बालासाहेब की स्मारक पर गद्दार गए थे। दरअसल, एकनाथ शिंदे ने शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर पहले से ही श्रद्धांजली देने का फैसला किया ताकि यूबीटी नेताओं के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचा जा सके।
उद्धव ठाकरे ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
पूर्व मुख्यमंत्री और सेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि, आदित्य, परिवार के अन्य सदस्य, बड़ी संख्या में पार्टी के सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और पूरे महाराष्ट्र से हजारों समर्थकों ने आज सुबह स्मारक पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बालासाहेब ठाकरे के जीवन, उनके तीखे लेखन, कार्टून, कैरिकेचर, तस्वीरों सहित अन्य चीजों की एक प्रदर्शनी का उद्घाटन उद्धव ठाकरे ने कार्यक्रम स्थल पर किया।
.jpg)