मुंबई में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बाप-बेटे का रिश्ता हमेशा स्पेशल होता है, एक पिता अपने बेटे की अच्छी परवरिश के लिए अपनी पूरी जिंदगी मेहनत करता है, ताकि वह अपने बेटे को एक बढ़िया इंसान बना सके, लेकिन क्या हो जब वही बेटा उस बाप का कातिल बन जाए। मुंबई में एक ऐसी ही घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि ये घटना रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अंबरनाथ के दत्ता कुटीर चॉल में हुई थी। बताया जा रहा है कि, आरोपी बेटे और मृत पिता के बीच लंबे समय से कोई विवाद चल रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच हमेशा काफी झगड़ा देखने को मिलता था।
बता दें कि मृतक की पहचान देवीदास सूर्यवंशी के तौर पर हुई है, जिसकी उम्र करीब 60 साल थी। पुलिस ने बताया कि रविवार को आरोपी बेटे और मृतक पिता के बीच एक विवाद को लेकर झगड़ा हो रहा था। जिसके बाद बेटे ने अपना आपा खो दिया और कथित तौर पर अपने पिता देवीदास सूर्यवंशी पर प्लाईवुड के स्लैब से हमला किया, जिससे उसकी जगह पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलने के बाद मृतक देवीदास सूर्यवंशी के रिश्तेदारों ने फौरन पुलिस को जानकारी दी।
इस मामले को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की घटना के बारे में मृतक के रिश्तेदारों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद देवीदास सूर्यवंशी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी हॉस्पिटल भेज दिया गया। वहीं मृतक के रिश्तेदारों ने आरोपी बेटे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत पुलिस में मामला दर्ज करवाया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
.jpg)