मुंबई: मुंबई (Mumbai) के वर्सोवा (Versova) में रहने वाले एक 26 साल के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर अपने दोस्त को उसके एक निजी वीडियो को वायरल कर देने के दम पर उसे धमकाने और उससे पांच लाख रुपये मांगने के आरोप है।
मुंबई क्राइम ब्रांच (Mumbai Crime Branch) की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को शिकायतकर्ता के एक और दोस्त की तलाश है, जिसने होटल में चोरी-छिपे अपने दोस्त के प्राइवेट वीडियो (Private Video) को रिकॉर्ड किया, जब वह वहां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ था।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने कहा कि शिकायतकर्ता की उम्र 20 साल है और आरोपित शख्स के साथ उसकी दोस्ती महज आठ महीने पुरानी है।
आरोपित ने दोस्त से मांगे पांच लाख रुपये
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि गिरफ्तार आरोपित अरबाज हनीफ उकानी (Arbaaz Hanif Ukani) उर्फ मैडी कुछ दिनों पहले उससे लोखंडवाला में मिला और उसे पैसे न देने पर प्राइवेट वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने वीडियो डिलीट करने के लिए उसके सामने हाथ-पांव जोड़े, लेकिन आरोपित पांच लाख रुपये देने की अपनी मांग पर अड़ा रहा।
उसने यह भी बताया कि वीडियो को उसने किस तरह से रिकॉर्ड किया है। आरोपित उकानी के कहे बात का जिक्र करते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि फरार आरोपित जैद (Zaid) उर्फ बाबू ने उस वक्त वीडियो रिकॉर्डिंग की, जिस वक्त वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ अंधेरी के एक होटल में था।
फोन चार्ज करने के बहाने होटल के कमरे में घुसा था आरोपित
जैद होटल के कमरे में अपने फोन को चार्ज करने के बहाने से आया था। कमरे से निकलते वक्त उसने अपने फोन को वहीं छोड़ दिया और इस दरमियान वीडियो रिकॉर्डिंग को ऑन रखा। शिकायतकर्ता ने पुलिस से यह भी कहा कि उकानी ने पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। उकानी ने कथित तौर पर यह भी दावा किया कि उसका लोकल पुलिस से अच्छा जान-पहचान है।
एक आरोपी पुलिस की हिरासत में, दूसरा फरार
उकानी के साथ काफी बहसबाजी होने के बाद आखिरकार शिकायतकर्ता ने 13 दिसंबर को उसे पैसे देने के लिए राजी हो गया। हालांकि बाद में उसने पैसे नहीं देने का ठान लिया और ओशिवारा पुलिस (Oshiwara police) से संपर्क किया। जहां से मामला एंटी एक्सटॉर्शन सेल को ट्रांसफर किया गया। उकानी को इस सिलसिले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया और मंगलवार को किला कोर्ट या मेट्रोपॉलिटन कोर्ट (Metropolitan court) में पेश किया गया। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
.jpg)