देश की आर्थिक राजधानी में बीचोंं की सफाई का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को मुंबई के सबसे बड़े पर्यटक बीच जुहू बीच पर युवाओं ने सफाई का अभियान 'क्लीनथॉन' चलाया। इस सफाई अभियान में बड़ी संख्या में आम नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया। मुंबई के युवाओं के इस पहल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर इस सफाई कार्यक्रम की तारीफ की है।
गौरतलब है कि मुंबई के जुहू बीच पर सफाई का विशेष अभियान 'क्लीनथॉन' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिविल सोसायटी ने भाग लिया। मुंबई के सबसे लंबे तट पर हुए सफाई अभियान का नेतृत्व मुंबई के युवाओं ने किया। जुहू बीच पर आयोजित हुए 'क्लीनथॉन' पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर इस अभियान की सराहना की।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, "प्रशंसनीय, मैं इस प्रयास में शामिल सभी लोगों की सराहना करता हूं। भारत के पास एक लंबी और सुंदर तटरेखा है और यह महत्वपूर्ण है कि हम अपने तटों को साफ रखने पर ध्यान दें।"
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शेयर किया वीडियो
मुंबई के जुहू बीच पर आयोजित 'क्लीनथॉन' तका वीडियो केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने शेयर किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए डॉ सिंह ने लिखा, "मुंबई के जुहू बीच पर एक क्लीनथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिविल सोसायटी ने भाग लिया। युवाओं को सबसे लंबे तट सफाई अभियान 'स्वच्छ सागर सुरक्षा सागर' में अग्रणी भूमिका निभाते हुए देखकर खुशी हो रही है।"
केंद्र सरकार का 'स्वच्छ सागर, सुरक्षा सागर' अभियान
केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने हाल ही में 'स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर' अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत देश भर में 75 समुद्री तटों को 75 दिनों में साफ करने के लिये सफाई अभियान शुरू किया गया है।
