मुंबई : (Mumbai) एनसीपी के मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से सीधे सीधे सवाल किया है कि आप महाराष्ट्र का हित साध रहे हैं या फिर गुजरात का ? वेदांत फॉक्सकॉन महाराष्ट्र के बजाय गुजरात में 20 अरब डॉलर की परियोजना स्थापित कर रहा है। क्यों आप वेदांता फॉक्सकॉन को महाराष्ट्र में बरकरार नहीं रख सके ?
महेश ने आगे कहा कि महाराष्ट्र की पिछली महाविकास अघाड़ी सरकार ने महाराष्ट्र राज्य में निवेश के लिए वेदांत फॉक्सकॉन के साथ उचित बातचीत और चर्चा शुरू की थी और तालेगांव के स्थान को फाइनल किया गया था। महाविकास अघाड़ी ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करने के इरादे से वेदांत फॉक्सकॉन को सर्वोत्तम प्रोत्साहन की पेशकश की थी।
यह बहुत शर्म की बात है कि ईडी सरकार महाराष्ट्र में वेदांत फॉक्सकॉन को बरकरार नहीं रख पाई है। यह बात राज्य के विकास के प्रति मुख्यमंत्री शिंदे के नरम रवैये को दर्शाती है। महेश ने सीधे तौर पर यह भी आरोप लगाया कि वे गुजरात के शिकार हो गए हैं और महाराष्ट्र को आर्थिक नुकसान हुआ है और लाखों इच्छुक युवाओं का रोजगार खो दिया है। मुख्यमंत्री महाराष्ट्र के लोगों के बीच अपने विद्रोह को सही ठहराने में व्यस्त हैं और रोजगार और औद्योगीकरण जैसे विकास के मुद्दों की बात तक नहीं करते हैं।
