मुंबई: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार के तख्तापलट के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी अगुवाई वाली शिवसेना को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में मात देने के लिए रणनीतियां बनाने में जुटी हुई है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुंबई दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अमित शाह 5 सितंबर को मुंबई आ रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अमित शाह की मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात हो सकती है।
बप्पा के दर्शन करेंगे अमित शाह
अमित शाह लालबाग गणपति, सिद्धिविनायक में पूजा अर्चना करेंगे। इसके अलावा अलग-अलग पंडाल में बप्पा के दर्शन करने जाएंगे। ऐसे में अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। आपको बता दें कि राज ठाकरे एकनाथ शिंदे गुट और भाजपा नेताओं से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा और मनसे के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा जोरो-शोरो पर हो रही है।
कहा जा रहा है कि अमित शाह के प्रस्तावित मुंबई दौरे पर राज ठाकरे के साथ मुलाकात की संभावना है। इसके साथ ही गठबंधन को लेकर भी चर्चा हो सकती है। क्योंकि भाजपा नेता राज ठाकरे की अमित शाह के साथ बैठक कराने की कोशिश में लगे हुए हैं।
शिंदे के नेतृत्व में जीतेंगे चुनाव
महाराष्ट्र में दस दिन तक चलने वाला गणपति उत्सव 31 अगस्त को शुरू हो चुका है और पूरे प्रदेश में ही बड़े धूमधाम के साथ इसका आयोजन किया गया है। ऐसे में भाजपा के मुख्य रणनीतिकार अमित शाह का दौरा बीएमसी के सितंबर अथवा अक्टूबर में होने वाले संभावित चुनाव से पहले है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में भाजपा और शिवसेना एक साथ आएंगे और वर्ली के साथ बीएमसी को निश्चित रूप से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना और भाजपा नगर निगम का चुनाव जीतेगी।