गुवाहाटी: बागी शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा है कि वे सभी असंतुष्ट विधायकों के साथ गुरुवार को फ्लोर टेस्ट के लिए मुंबई पहुंचेंगे. एकनाथ शिंदे बागी विधायकों के साथ पिछले एक सप्ताह से गुवाहाटी की होटल में ठहरे हुए हैं. दरअसल महाराष्ट्र के राज्यपाल ने विधानसभा का विशेष सत्र जिसमें उद्धव ठाकरे सरकार को बहुमत सिद्ध करना है.
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, शिवसेना के बागी विधायक गुलाब राव पाटिल ने कहा कि, जनता हमारे साथ है और हम कल फ्लोर टेस्ट में हमारी जीत होगी. हमें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.
गुवाहाटी से गोवा फिर मुंबई पहुंचेंगे विधायक
सूत्रों के अनुसार, बागी विधायक पहले गोवा जाएंगे और फिर वहां रूककर, कल बहुमत साबित करने के लिए मुंबई आएंगे. गोवा की एक होटल में करीब 70 रूम बुक किए गए हैं. स्पाइस जेट की फ्लाइट से ये सभी एमएलए आज गोवा पहुंचेंगे.
आज सुबह एकनाथ शिंदे असम के कामाख्या मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा कि, वे विधान भवन में फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं. हम कल मुंबई लौटेंगे. मैं महाराष्ट्र की जनता की कल्याण की कामना करता हूं.
‘उद्धव ठाकरे शरद पवार का साथ छोड़ने को तैयार नहीं’
वहीं निर्दलीय बागी विधायक राजेंद्र राउत ने कहा कि, हमें इससे कोई परेशानी नहीं है कि बीजेपी महाराष्ट्र की सत्ता में वापस आए. मैं शुरू से बीजेपी के साथ रहा हूं. विधानसभा में देवेंद्र फडण्वीस हमेशा मेरे साथ खड़े रहे. विधायकों को बड़ी निराशा होगी अगर उनके विधानसभा क्षेत्र में काम नहीं होगा. इसलिए बीजेपी अगर सत्ता में आती है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं होगी.
वहीं बागी विधायक गुलाब राव पाटिल ने कहा कि, शिवसेना अध्यक्ष और सीएम उद्धव ठाकरे शरद पवार का साथ नहीं छोड़ना चाहते हैं. इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री आवास छोड़ दिया. वे अपना बंगला और विधायक छोड़ने को तैयार हैं लेकिन शरद पवार का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हैं.
.jpg)